आसनसोल दम्पति की रहस्यमय मौत, तीन परिजनों की गिरफ्तारी से हलचल

single balaji

आसनसोल के बाराबनी थाना क्षेत्र के जमग्राम ग्राम पंचायत के रसनपुर गांव में मंगलवार दोपहर सनसनीखेज घटना सामने आई। बंद कमरे में पति-पत्नी का झूलता शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान निर्मल मंडल (45) और ज्योत्स्ना मंडल (37) के रूप में हुई है।

बाराबनी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के बड़े भाई उत्तम मंडल, भाभी पुतुल मंडल और उनके बेटे विष्णु मंडल को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक दंपति की विवाहित बेटी, आसनसोल के सालानपुर निवासी वर्षा पातर ने बाराबनी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि ‘‘ज्येष्ठा, जठिमां और उनका बेटा लगातार मेरे माता-पिता को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। वे आत्महत्या के लिए उकसाते और गाली-गलौज करते थे। सोमवार को भी यही हुआ।’’

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दंपति लंबे समय से पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर तनाव में थे। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे उन्होंने अपने 12 वर्षीय बेटे को पास के कमरे में सुला दिया और उसके बाद कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फांसी लगा ली।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दूसरे दरवाजे से घुसकर शव को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कमरे के दरवाजे के पास ईंट के कई टुकड़े बिखरे मिले। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बेटी की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के असली कारणों का पता चलेगा।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि ज्योत्स्ना मंडल मूल रूप से जमुरिया थाना क्षेत्र के चुरुलिया के बागुली गांव की रहने वाली थीं और 20 साल पहले उनकी शादी निर्मल मंडल से हुई थी। इस दंपति की एक बेटी वर्षा और 12 वर्षीय बेटा है।

गांव के लोगों का कहना है कि ‘‘मानसिक प्रताड़ना और पारिवारिक विवाद ने दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया छीन लिया।’’ पुलिस ने कहा है कि यह आत्महत्या है या आत्महत्या के लिए प्रेरित किया गया, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।

ghanty

Leave a comment