जमुरिया (पश्चिम बर्दवान):
जमुरिया प्रखंड पंचायत समिति के तहत बहादुरपुर गांव स्थित एक विद्यालय में बुधवार को “प्लास्टिक फ्री एनवायरनमेंट” विषय पर आधारित विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पौनाबलम ने स्वयं शिरकत कर बच्चों एवं ग्रामीणों के बीच पर्यावरण संरक्षण को लेकर विस्तार से चर्चा की।
डीएम ने बताया कि प्लास्टिक से होने वाले प्रदूषण न सिर्फ धरती को बंजर बना रहे हैं बल्कि इससे कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि स्कूल से ही अपने जीवन में इको-फ्रेंडली आदतों को अपनाएं।
प्लास्टिक छोड़ो, कपड़ा थैला अपनाओ!
कार्यक्रम में छात्रों को बताया गया कि प्लास्टिक की जगह जूट या कपड़े के थैलों का प्रयोग करें। इसी संदेश को बल देते हुए मौके पर सैकड़ों जुट बैग वितरित किए गए। साथ ही छायादार पौधों का वितरण कर बच्चों से उन्हें अपने घरों में लगाकर उनकी देखभाल करने की शपथ दिलाई गई।
बीडीओ कार्यालय का उद्घाटन
इसी मौके पर डीएम एस. पौनाबलम ने अधिकारियों के साथ मिलकर जमुरिया बीडीओ कार्यालय के नवनिर्मित भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में विकास योजनाओं पर गहन चर्चा हुई और क्षेत्र में चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर जमुरिया प्रखंड विकास अधिकारी अरुण आलोक बनर्जी, संयुक्त बीडीओ नज़ीमुल हक, एसडीएम विश्वजीत भट्टाचार्य, सभाधिपति इंदिरा वाद्यकार, पंचायत समिति सदस्य अनिमेष बनर्जी, उदीप सिंह, मुकुल बनर्जी सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।










