आसनसोल: बढ़ते सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट का ट्रैफिक विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शहर और आसपास के इलाकों में दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस द्वारा उन स्थानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है, जहां सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।
इसी कड़ी में डुबूडीही चेक पोस्ट पर संयुक्त अभियान चलाया गया, जहां वाहनों की सघन जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई और लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।

आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक विभाग के डीसी पी.वी. जे. सतीश ने बताया कि विभाग सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है और कारणों को समझकर स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सख्ती बढ़ाई जाएगी। साथ ही, आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें ताकि हादसों से बचा जा सके।
ट्रैफिक विभाग का यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर को सुरक्षित बनाने के लिए नई रणनीतियों पर लगातार काम किया जाएगा। इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।















