आसनसोल की भीषण और प्रचंड गर्मी के बीच जहां आम लोग धूप से बेहाल हैं, वहीं ‘संस्कार’ संस्था ने एक बार फिर मानव सेवा की अनूठी मिसाल पेश की है। गुरुवार को संस्था की ओर से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में राहगीरों के बीच छाता वितरण किया गया, जिससे लोगों को तेज धूप और आने वाले बारिश के मौसम से राहत मिल सके।
संस्था के सदस्यों ने शिल्पांचल के अलग-अलग इलाकों में जाकर जरूरतमंद राहगीरों को छाते वितरित किए। अचानक मिली इस मदद से लोगों के चेहरे खिल उठे और सभी ने खुशी-खुशी संस्था का धन्यवाद करते हुए आभार व्यक्त किया।
संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस भीषण गर्मी में छाता न केवल धूप से बचाव करता है, बल्कि बारिश के दौरान भी बेहद उपयोगी साबित होता है। ऐसे में जरूरतमंद लोगों को यह सहायता देना एक महत्वपूर्ण कदम है।

‘संस्कार’ संस्था पिछले 6 वर्षों से लगातार जरूरतमंद लोगों को प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराती आ रही है। इसके साथ ही बीते 50 दिनों से संस्था की टीम टोटो के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर राहगीरों को ठंडा पानी, आम पन्ना, शर्बत और अन्य शीतल पेय पदार्थ भी पिला रही है।
संस्था का कहना है कि मानव कल्याण के लिए वे लगातार इस तरह के सेवा कार्य करते रहेंगे और भविष्य में भी जरूरतमंदों की मदद के लिए नई पहल जारी रखेंगे।
इस सेवा कार्य में संस्था के अध्यक्ष अविनाश उपाध्याय, सचिव अंकित खेतान, कोषाध्यक्ष मयंक लाडसारिया, श्रवण अग्रवाल, अरविंद साव, विवेक वर्णवाल, दीपक भगत, विवेक कुमार वर्णवाल और सत्यजीत बागड़ी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की पहल समाज के लिए प्रेरणा है और अन्य संगठनों को भी इससे सीख लेकर आगे आना चाहिए।















