आसनसोल:
आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल लगातार दूसरे दिन भी जारी रहने से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी हो गई है। नगर निगम क्षेत्र के कई इलाकों में सड़कों के किनारे और आवासीय क्षेत्रों में कचरे के ढेर जमा हो गए हैं। नियमित सफाई कार्य ठप रहने के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ते जा रहे हैं।
दूसरे दिन भी सफाई कर्मियों ने आसनसोल नगर निगम कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन जारी रखा। कर्मियों का कहना है कि जब तक उनकी लंबित मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस बीच, आसनसोल नगर निगम की विपक्षी नेता चैताली तिवारी ने सफाई कर्मियों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि सफाई कर्मी अपनी वाजिब मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और नगर निगम प्रशासन को गंभीरता से उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
वहीं, राज्य भाजपा नेता कृष्णदु मुखर्जी ने इस मुद्दे को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस नगर निगम का संचालन सही ढंग से नहीं कर पा रही है, जिसके चलते सफाई कर्मियों को हड़ताल पर जाना पड़ा। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सफाई कर्मियों को समय पर भुगतान क्यों नहीं किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस बोर्ड को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
हड़ताल के चलते शहर के हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं। जगह-जगह फैले कचरे से दुर्गंध और गंदगी बढ़ने लगी है, जिससे आम लोग बेहद परेशान हैं। हालात को देखते हुए अब आम जनता भी सफाई कर्मियों के समर्थन में उतरती नजर आ रही है।
इधर, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय ने संबंधित अधिकारियों और मेयर परिषद के बोरो चेयरमैनों के साथ एक अहम बैठक की। मेयर ने सफाई कर्मियों की समस्याओं को लेकर जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। हालांकि, अभी तक हड़ताल समाप्त होने को लेकर कोई ठोस घोषणा नहीं की गई है।
शहरवासियों की नजर अब नगर निगम प्रशासन और राज्य सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई है, ताकि जल्द से जल्द शहर की सफाई व्यवस्था पटरी पर लौट सके।











