आसनसोल: दुर्गा पूजा का पर्व करीब आते ही आसनसोल नगर निगम पानी की आपूर्ति को लेकर अलर्ट मोड में आ गया है। शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय में मेयर एवं बराबनी विधायक विधान उपाध्याय की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जल आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ कोलकाता से आए वरिष्ठ निगम अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। मेयर ने साफ निर्देश दिया कि पूरे नगर निगम क्षेत्र में दुर्गा पूजा के दौरान कहीं भी जल संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधूरे और अटके हुए जल परियोजनाओं को तुरंत पूरा करने का आदेश दिया। मेयर ने कहा—
“त्योहार के समय शहरवासियों को पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान होना पड़ा, यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर नागरिकों की सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता है।”
इसके अलावा, बैठक में निर्णय लिया गया कि:
- पानी की आपूर्ति पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी।
- जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन मरम्मत या नई आपूर्ति की आवश्यकता है, वहां काम तुरंत पूरा किया जाएगा।
- शिकायत मिलने पर जल आपूर्ति विभाग के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचेंगे।
सूत्रों के अनुसार, नगर निगम की ओर से कंट्रोल रूम भी शुरू किया जाएगा, जहां नागरिक सीधे कॉल करके पानी की समस्या दर्ज करा सकेंगे।
मेयर विधान उपाध्याय ने चेतावनी दी कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम का यह कदम आसनसोल निवासियों के लिए राहत भरी खबर है, क्योंकि हर साल त्योहारों के दौरान पानी की किल्लत को लेकर शिकायतें आती रही हैं। इस बार नगर निगम ने पहले से ही मोर्चा संभाल लिया है।