आसनसोल में श्रम दफ्तर का बड़ा दावा, 3.50 लाख मजदूर योजनाओं से जुड़े

single balaji

आसनसोल:
पश्चिम बंगाल सरकार की श्रम दफ्तर से जुड़ी योजनाएं अब जमीन पर असर दिखाने लगी हैं। श्रम दफ्तर की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत अब तक 3 लाख 50 हजार मजदूरों का पंजीकरण हो चुका है। इसी उपलब्धि और मजदूरों को योजनाओं की सही जानकारी देने के उद्देश्य से बुधवार को आसनसोल श्रम कार्यालय में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के श्रम एवं कानून मंत्री मलय घटक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ श्रम दफ्तर के चेयरमैन, डिप्टी चेयरमैन, पश्चिम बर्दवान के जिला शासक एस. पन्ना बालम, आसनसोल नगर निगम के डिप्टी मेयर, कई पार्षद और बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान श्रम दफ्तर द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें श्रमिकों के लिए बीमा, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधा, दुर्घटना सहायता, पारिवारिक सुरक्षा और सामाजिक लाभ जैसी योजनाएं शामिल हैं। अधिकारियों ने मजदूरों को यह भी समझाया कि किस तरह सही प्रक्रिया अपनाकर वे इन योजनाओं का पूरा लाभ उठा सकते हैं।

मंत्री मलय घटक ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार मजदूरों के अधिकार और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि श्रम दफ्तर की योजनाओं का उद्देश्य केवल सहायता देना नहीं, बल्कि मजदूरों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने अधिक से अधिक मजदूरों से पंजीकरण कराने और जागरूक बनने की अपील की।

कार्यक्रम में मजदूरों की भारी भागीदारी देखने को मिली। कई श्रमिकों ने योजनाओं से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और सरकार के इस प्रयास की सराहना की। अधिकारियों ने संकेत दिया कि आने वाले समय में औद्योगिक क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी मजदूर योजनाओं से वंचित न रह जाए।

ghanty

Leave a comment