आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 25 से कांग्रेस पार्षद एस.एम. मुस्तफा को SIR केंद्र में हियरिंग के लिए बुलाए जाने के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। हियरिंग नोटिस से नाराज़ पार्षद एस.एम. मुस्तफा ने अनोखे और प्रतीकात्मक अंदाज़ में अपना विरोध दर्ज कराया।
शनिवार को पार्षद एस.एम. मुस्तफा ढोल-बैंड बाजे के साथ सीधे SIR हियरिंग केंद्र पहुंच गए और वहां जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस घटनाक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए, जिससे कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
एस.एम. मुस्तफा ने कहा कि वे कई बार चुनाव लड़ चुके हैं और जनता के समर्थन से चुनाव जीतकर पार्षद बने हैं। इसके बावजूद उन्हें हियरिंग के लिए बुलाना पूरी तरह से अनुचित और अपमानजनक है। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों के सम्मान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला बताया।
अपने विरोध को प्रतीकात्मक रूप देते हुए पार्षद ने कहा,
“जब किसी व्यक्ति की मौत होती है, तब उसके जनाज़े में बैंड-बाजा बजता है। आज हमने भी यही बैंड-बाजा इसलिए बजाया है क्योंकि निर्वाचन आयोग का ज़मीर मर चुका है।”
उन्होंने निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाई लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश है। उनका कहना था कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों को इस तरह हियरिंग के नाम पर परेशान करना पूरी तरह असंवैधानिक है।
घटना के दौरान SIR केंद्र के बाहर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में हालात को नियंत्रित किया गया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने आसनसोल की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में यह मामला और तूल पकड़ सकता है और SIR प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दलों की नाराज़गी और तेज हो सकती है।











