कुल्टी में खेल और शिक्षा का नया केंद्र: आनंद निकेतन भवन का हुआ भव्य उद्घाटन

single balaji

कुल्टी:
खेल और शारीरिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंदिरा गांधी मेमोरियल अस्पताल के निकट संयुक्त रूप से नवनिर्मित आनंद निकेतन भवन का भव्य उद्घाटन किया गया। यह परिसर न केवल खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि शिक्षा और बौद्धिक विकास का भी केंद्र बनेगा।

इस अवसर पर ईडी अनिल कुमार ने कहा कि कुल्टी का एक गौरवशाली अतीत रहा है और आज उसी इतिहास को दोहराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “कुल्टी में पहले बहुत कुछ था, जिसे वापस लाने की दिशा में लगातार प्रयास हो रहे हैं। खेल और शारीरिक विकास इसी दिशा में एक मजबूत कदम है।”

नव-निर्मित आनंद निकेतन भवन में स्थापित आधुनिक खेल कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां इनडोर और आउटडोर खेलों, प्रशिक्षण, अभ्यास और फिटनेस से जुड़ी आधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे स्थानीय खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सके। इसके साथ ही परिसर में पुस्तकालय की भी व्यवस्था की गई है, जो युवाओं के बौद्धिक विकास में सहायक होगी।

कार्यक्रम में उपस्थित कुल्टी विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने कहा कि कुल्टी के विकास में सेल प्रबंधन का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जानकारी दी कि सेल प्रबंधन के प्रयास से इसी माह स्टेशन रोड से थाना मोड़ तक सड़क मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। इसके अलावा, श्मशान घाट में लाइटिंग की व्यवस्था भी सेल द्वारा की गई है और आने वाले समय में कई और विकास कार्य प्रस्तावित हैं।

इस मौके पर एजीएम एचआर जेड आदिल ने स्वस्थ शरीर और बौद्धिक विकास के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक मजबूती देता है, बल्कि मानसिक संतुलन और अनुशासन भी सिखाता है।

कार्यक्रम का संचालन अरूप मजूमदार ने किया।
इस अवसर पर सेल ग्रोथ वर्क्स के सीजीएम एस. घोष, एजीएम एचआर जेड आदिल, एन. ईश्वर, एम.के. भांगड़े, आई.एस. महावर, अभिजीत बर्मन, काशीनाथ कर्मकार, पीपीएस स्कूल के अध्यक्ष राकेश तिवारी, अनर्व, एम.के. राय, विराज सिंह, विनोद सिंह, मानस मित्रा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

आनंद निकेतन भवन को कुल्टी क्षेत्र के युवाओं के लिए एक नई पहचान और उज्ज्वल भविष्य की नींव के रूप में देखा जा रहा है।

ghanty

Leave a comment