आसनसोल:
पश्चिम बंगाल में राजनीतिक सरगर्मी के बीच रविवार को आसनसोल में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पश्चिम बर्धमान जिला एआईएमआईएम कमेटी ने राज्य एआईएमआईएम नेता दानिश अज़ीज़ के नेतृत्व में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) के अंतर्गत हीरापुर थाना पहुंचकर आसनसोल दक्षिण की बीजेपी विधायक अग्निमित्रा पॉल के खिलाफ FIR दर्ज कराई।
एआईएमआईएम प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि विधायक अग्निमित्रा पॉल ने विधानसभा और अपने सार्वजनिक भाषणों में मदरसा शिक्षा को लेकर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की है, जिससे अल्पसंख्यक समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है। इसी मुद्दे को लेकर एआईएमआईएम नेताओं ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का आश्वासन, FIR की कॉपी जल्द
हीरापुर थाना के ऑफिसर-इन-चार्ज सौमेन बनर्जी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले को वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद FIR की कॉपी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।
टीएमसी की चुप्पी पर सवाल, आंदोलन की चेतावनी
इस दौरान एआईएमआईएम नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्या तृणमूल कांग्रेस सिर्फ अल्पसंख्यकों के वोट चाहती है, या फिर ऐसे मामलों में भी ठोस कार्रवाई करेगी?
साथ ही पश्चिम बंगाल के कानून मंत्री मलय घटक से हस्तक्षेप कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई।
एआईएमआईएम ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो पार्टी आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कमिश्नर कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन करेगी।
प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहे शामिल
इस प्रतिनिधिमंडल में
- दानिश अज़ीज़ (राज्य एआईएमआईएम नेता व पश्चिम बर्धमान जिला अध्यक्ष)
- एजाज अहमद (जिला महासचिव)
- एडवोकेट मेराज अख्तर हासमी (जिला संयुक्त सचिव)
- मंसूर आलम (हीरापुर विधानसभा प्रभारी)
- अरशद खान (आसनसोल उत्तर विधानसभा ब्लॉक अध्यक्ष)
- साजिद खान (आईटी प्रभारी)
सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
घटना के बाद आसनसोल के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज़ हो गई है और यह मामला आने वाले दिनों में और तूल पकड़ सकता है।














