कोलकाता/आसनसोल : आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) के पश्चिम (WEST) जोन का पुलिस उपायुक्त (DCP) भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी (IPS) डॉ. सोनावने कुलदीप सुरेश को बनाया गया है। इसके साथ ही राज्य के कुल 3 IPS अधिकारियों के तबादले का आदेश गुरुवार को जारी किय गया है। बता दें कि ADPC में IPS डॉ. एस.एस. कुलदीप की वापसी हुई है, वे पहले भी ADPC अपनी सेवा दे चुके हैं। अब वे बतौर DCP (WEST) अपना कार्यभार संभालेंगे। फिलहाल आईपीएस संदीप कर्रा डीसीपी (वेस्ट) थे, उनका भी तबादला हो गया है।
हटाए गए कूचबिहार के विवादित SP
इधर, द्युतिमान भट्टाचार्य को कूचबिहार के पुलिस अधीक्षक पद से हटा दिया गया है। उन्हें सशस्त्र पुलिस बल (एसएपी) की तीसरी बटालियन का कमांडेंट बनाया गया है। संदीप कर्रा कूचबिहार के नए एसपी होंगे। राज्य पुलिस ने कहा है कि यह एक नियमित तबादला है। हालाँकि, कूचबिहार के पुलिस अधीक्षक द्युतिमान भट्टाचार्य पर दिवाली की रात पटाखे फोड़ने पर बच्चों और महिलाओं समेत कुछ लोगों की पिटाई के आरोप लगे थे। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया था। गौरतलब है कि दिवाली की रात, सोमवार रात करीब 12 बजे कूचबिहार शहर के वार्ड नंबर 9 में कुछ स्थानीय लोग पटाखे जला रहे थे। पुलिस अधीक्षक का बंगला बगल में ही था।

अचानक, कूचबिहार के पुलिस अधीक्षक ‘हाफ पैंट और सैंडो शर्ट पहने, सिर पर रूमाल बाँधे’ बाहर निकले। उन पर कुछ स्थानीय बच्चों और महिलाओं की पिटाई करने का आरोप था। स्थानीय निवासी इस मामले को लेकर गुस्से में थे। जवाब में, पुलिस अधीक्षक ने कहा था कि लंबे समय से पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध है। पालतू जानवरों को परेशानी हो रही थी। स्थानीय लोगों को पटाखे फोड़ने से मना किया गया था, किसी के साथ मारपीट नहीं की गई।
नवान्न से जारी हुआ आदेश
राज्य सचिवालय नवान्न ने गुरुवार को तबादले का आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, संदीप कर्रा को आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के उपायुक्त पद से कूचबिहार के पुलिस अधीक्षक पद पर भेजा गया है। वहीं, एस कुलदीप सुरेश को राज्य आईबी से संदीप के पद पर भेजा गया है।
