जन्मदिन पर रक्तदान कर भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने दिया मानवता का संदेश

आसनसोल: राजनीति के साथ-साथ समाज सेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश करते हुए आसनसोल उत्तर विधानसभा के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने अपने जन्मदिन को खास अंदाज़ में मनाया। उन्होंने केक काटने या भव्य आयोजन के बजाय रक्तदान कर समाज को एक मजबूत संदेश दिया कि सच्ची खुशी दूसरों की मदद करने में है।

हीरापुर थाना क्षेत्र के बारी मैदान स्थित उत्तरायण क्लब द्वारा आयोजित एक दिवसीय रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने स्वयं रक्तदान किया और उपस्थित लोगों को भी इस नेक कार्य के लिए प्रेरित किया। उनके इस कदम से वहां मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महान कार्य है, जिससे जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने सभी स्वस्थ लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे नियमित रूप से रक्तदान करें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे शिविर समाज सेवा का सशक्त माध्यम हैं, जो लोगों को एकजुट करने का काम करते हैं।

कार्यक्रम में उत्तरायण क्लब के सचिव प्रिंस पाठक, अध्यक्ष बप्पा चटर्जी, भाजपा नेता अभिजीत राय, अनमोल सिंह, अमर बाउरी, रौनी मुखर्जी सहित कई गणमान्य लोग, क्लब के सदस्य, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। सभी ने विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके इस कार्य की सराहना की।

शिविर में मौजूद वक्ताओं ने भी रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला और बताया कि नियमित रक्तदान से न केवल दूसरों की जान बचती है, बल्कि इससे स्वास्थ्य संबंधी कई लाभ भी मिलते हैं। लोगों को इस दिशा में जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

गौरतलब है कि विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के जन्मदिन के अवसर पर रविवार को भाजपा के उत्तर विधानसभा कार्यालय में भी एक अन्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। इसके अलावा उनके समर्थकों द्वारा शिल्पांचल के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना, यज्ञ और विशेष प्रार्थनाएं आयोजित कर उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।

विधायक के इस मानवीय कदम ने न केवल राजनीतिक गलियारों में बल्कि आम लोगों के बीच भी एक सकारात्मक संदेश दिया है कि अगर हर व्यक्ति अपने खास दिन को समाज सेवा से जोड़े, तो समाज में बड़ा बदलाव संभव है।

Leave a comment