आसनसोल: आसनसोल के साउथ बुद्धा रेल कॉलोनी में एक रेल क्वार्टर में हुई चोरी की घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। चोरों ने बड़ी चालाकी से घर की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखे दो सीलिंग फैन तथा एक टेबल फैन लेकर फरार हो गए।
पीड़ित राजकिशोर राम ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ किसी जरूरी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम दिया। जब वह वापस लौटे, तब उन्हें चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
राजकिशोर राम ने आरोप लगाया कि इलाके में कई रेल क्वार्टर लंबे समय से खाली पड़े हुए हैं, जो अब असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का ठिकाना बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बास्टिन बाजार और आसपास के कुछ युवक यहां आकर नशा करते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इन खाली क्वार्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाएं और बढ़ सकती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खाली पड़े क्वार्टरों की नियमित निगरानी की जाए और असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और चोरों की तलाश की जा रही है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस चुनौती से कैसे निपटता है और लोगों को कितना जल्द राहत मिलती है।















