आसनसोल से शुरू हुई महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा, भाजपा ने निभाया बड़ा वादा

आसनसोल: पश्चिम बंगाल में महिलाओं के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। आज से राज्य में सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा योजना की शुरुआत हो गई है। इस योजना का शुभारंभ सोमवार को आसनसोल बस स्टैंड से किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

इस योजना के तहत अब महिलाएं बिना किराया दिए सरकारी बसों में सफर कर सकेंगी। हालांकि, इसका लाभ उठाने के लिए महिलाओं को यात्रा के दौरान अपना वैध पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। साथ ही यह सुविधा केवल पश्चिम बंगाल की स्थायी निवासी महिलाओं के लिए ही लागू की गई है।

कार्यक्रम में जिला शासक के साथ आसनसोल उत्तर विधानसभा के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी और बाराबनी विधानसभा के विधायक अरिजीत राय विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने इस योजना को महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

योजना के लागू होते ही महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई महिलाओं ने कहा कि अब उन्हें रोज़ाना यात्रा पर खर्च होने वाले पैसे की चिंता नहीं रहेगी। इससे न केवल उनकी आर्थिक बचत होगी बल्कि वे अधिक स्वतंत्रता के साथ आवागमन कर सकेंगी।

इस मौके पर विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी और विधायक अरिजीत राय ने कहा कि चुनाव से पहले जो वादा किया गया था, उसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार लगातार महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी सुविधा के लिए नई योजनाएं ला रही है।

वहीं, इस योजना के शुरू होने पर महिलाओं ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे एक सराहनीय पहल बताया। उनका कहना है कि इससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और उनका दैनिक सफर पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और सुरक्षित हो जाएगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की योजनाएं महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक भागीदारी को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं। आने वाले समय में इस योजना का व्यापक प्रभाव देखने को मिल सकता है।

Leave a comment