अभिषेक बनर्जी पर हमले के विरोध में कुल्टी-नियामतपुर में तृणमूल का जोरदार प्रदर्शन

single balaji

कुल्टी-नियामतपुर, पश्चिम बर्दवान: सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के विरोध में पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल स्थित कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस की ओर से जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व कुल्टी के पूर्व विधायक उज्ज्वल चटर्जी ने किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे नियामतपुर न्यू रोड पर तृणमूल कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

धरना के बाद तृणमूल कार्यकर्ताओं ने जीटी रोड को अवरुद्ध करने की कोशिश की, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए कार्यकर्ताओं को रोक दिया और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस की रोक के बाद तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नियामतपुर न्यू रोड से नियामतपुर मोड़ तक विरोध मार्च निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिससे पूरा इलाका राजनीतिक नारों से गूंज उठा।

इस विरोध कार्यक्रम में कुल्टी ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के कई नेता, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन पहले से ही सतर्क था। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत कुल्टी थाना पुलिस, नियामतपुर फाड़ी पुलिस और केंद्रीय बलों की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अभिषेक बनर्जी पर हमले की घटना के बाद पूरे राज्य में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा जा रहा है। इसी कड़ी में कुल्टी-नियामतपुर का यह प्रदर्शन भी राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पुलिस सतर्क है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और आने वाले दिनों में और भी विरोध कार्यक्रम होने की संभावना जताई जा रही है।

ezgif 22b6a523914e707e 300x300 1
ghanty

Leave a comment