आसनसोल में छात्राओं को बड़ी राहत! गुरुनानक हाई स्कूल गर्ल्स के लिए बनेगा नया साइकिल स्टैंड

single balaji

आसनसोल: आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 78 में छात्राओं की लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी समस्या का समाधान होने जा रहा है। बानपुर गुरुद्वारा के बाहर स्थित गुरुद्वारा स्कूल परिसर में साइकिल स्टैंड निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद अशोक रूद्र सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पार्षद अशोक रूद्र ने बताया कि राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की प्रेरणा से चल रही “आमार पाड़ा आमार समाधान” योजना के तहत इस साइकिल स्टैंड का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना पर लगभग 10 लाख रुपये की लागत आएगी।

उन्होंने कहा कि गुरुनानक हाई स्कूल गर्ल्स में पढ़ने वाली कई छात्राएं रोजाना साइकिल से स्कूल आती हैं। अभी तक उन्हें अपनी साइकिल सड़क किनारे या आसपास के खुले स्थानों पर खड़ी करनी पड़ती थी, जिससे असुविधा और सुरक्षा की समस्या बनी रहती थी। साइकिल स्टैंड बनने के बाद छात्राएं अपनी साइकिल को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पार्क कर सकेंगी।

लंबे समय से उठ रही थी मांग

कार्यक्रम में मौजूद पार्षद गुरमीत सिंह ने बताया कि पिछले काफी समय से छात्राओं और स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से साइकिल स्टैंड बनाने की मांग की जा रही थी।

उन्होंने कहा कि इस मांग को ध्यान में रखते हुए आसनसोल नगर निगम ने “आमार पाड़ा आमार समाधान” योजना के तहत इस परियोजना को मंजूरी दी और अब इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा पर जोर

पार्षद गुरमीत सिंह ने कहा कि साइकिल स्टैंड बनने से स्कूल आने वाली छात्राओं को काफी सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही स्कूल के बाहर साइकिलों की भीड़ और अव्यवस्था की समस्या भी समाप्त हो जाएगी।

स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे स्कूल के आसपास यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और छात्राओं को सुरक्षित माहौल मिलेगा।

नगर निगम के सूत्रों के अनुसार निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यहां सैकड़ों साइकिलों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे छात्राओं को रोजाना आने-जाने में और अधिक सुविधा मिल सकेगी।

ghanty

Leave a comment