पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल में एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने आसनसोल के गिरजा मोड़ इलाके में सड़क जाम कर दिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर अपना गुस्सा जाहिर किया।
टायर जलाकर सड़क जाम
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरजा मोड़ पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। अचानक हुए इस प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए इलाके में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सड़क जाम के दौरान कुछ वाहन चालकों और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस और हल्की झड़प की स्थिति भी देखने को मिली, हालांकि बाद में स्थिति को संभाल लिया गया।
60 लाख नाम हटाने का आरोप
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत लगभग 60 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं, जबकि कई लोगों के नाम अभी भी अंडर एडजुडिशियन यानी विचाराधीन स्थिति में रखे गए हैं।
कांग्रेस का कहना है कि इससे लाखों लोगों के मतदान के अधिकार पर संकट खड़ा हो गया है।
ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने एसआईआर प्रक्रिया को लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ एक साजिश करार दिया।
कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के राज्य कमेटी के नेता प्रसेंजित पुइतोंडी, शाह आलम सहित कई अन्य नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में एसआईआर प्रक्रिया का विरोध करते हुए इसे तुरंत रोकने की मांग की।
आगे भी जारी रहेगा आंदोलन
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस मुद्दे पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई और लोगों के नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए, तो पार्टी आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन करेगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी 2026 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए एसआईआर प्रक्रिया का मुद्दा अब राज्य की राजनीति में बड़ा विवाद बनता जा रहा है।














