कोलकाता: सिटी ऑफ जॉय कोलकाता में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण और नारी उत्थान को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नेशनल विमेन कॉन्क्लेव और विमेंस एचीवमेंट अवार्ड समारोह (सीजन 3) का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
यह कार्यक्रम इंटरनेशनल इक्विटेबल ह्यूमन राइट्स सोशल काउंसिल की ओर से प्रेस क्लब, कोलकाता के प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया। समारोह में देश-विदेश से कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्व, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद और कलाकार उपस्थित रहे।
संजय सिन्हा ने नारी अधिकारों पर रखे विचार
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए प्रसिद्ध मीडिया पर्सनालिटी और संस्था के इंटरनेशनल चेयरमैन संजय सिन्हा ने अपने संबोधन में महिलाओं के अधिकार, नेतृत्व क्षमता और समाज में सकारात्मक बदलाव की आवश्यकता पर विस्तार से बात की।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, “भारत में जहां भगवान शिव की पूजा होती है, वहीं शक्ति की भी पूजा की जाती है। इसलिए महिलाओं को सबसे पहले यह समझना चाहिए कि संविधान ने उन्हें कौन-कौन से अधिकार दिए हैं।”
संजय सिन्हा ने यह भी कहा कि महिलाएं जन्म से ही नेतृत्व क्षमता लेकर आती हैं। समाज में दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती को शक्ति के रूप में पूजा जाता है, लेकिन कई बार वास्तविक जीवन में बेटियों के साथ भेदभाव देखने को मिलता है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कई परिवारों में बेटियों और बेटों के पालन-पोषण में फर्क किया जाता है। बेटियों को रसोई से जुड़े खिलौने दिए जाते हैं, जबकि बेटों को इंजीनियरिंग या तकनीकी खिलौने। इस मानसिकता को बदलने की जरूरत है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बदलाव की शुरुआत परिवार से ही होनी चाहिए और बेटियों को भी वही अवसर मिलने चाहिए जो बेटों को दिए जाते हैं।
नारी सशक्तिकरण पर गूंजा मंच
नेशनल विमेन कॉन्क्लेव में विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
इन महिलाओं को मिला विमेंस एचीवमेंट अवार्ड
इस अवसर पर कुल 15 विशिष्ट महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए विमेंस एचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली महिलाओं में शामिल हैं—
- बांग्लादेश की उद्यमी जन्नतुल इल्मा मीम
- शिक्षाविद प्रस्तुति भट्टाचार्य
- पत्रकार रोजिना
- भरतनाट्यम नृत्यांगना रूपा कर
- चित्रकार रमिता भादुड़ी
- आईटी प्रोफेशनल जयिता रॉय चौधरी
- अभिनेत्री रिया मंडल
- समाज सेविका मंजू मुखर्जी
- वास्तु विशेषज्ञ अनुष्का कौर
- नेचुरोपैथी विशेषज्ञ डॉक्टर शर्मिष्ठा चक्रवर्ती
- समाज सेविका प्रिय साव
- शिप्रा दत्ता
- मिठू मुखर्जी
- पियाली रॉय चौधरी
- संगीत प्रस्तोता तापसी रॉय नंदन
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस कार्यक्रम में संस्था की ओर से प्रदेश अध्यक्ष दीपक चक्रवर्ती, दीपक मित्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष कौशिक रॉय चौधरी, प्रदेश डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट (विमेन विंग) दीपांजन दे कुंडू, कोलकाता जिला अध्यक्ष (विमेन विंग) कुमकुम माइति, जिला अध्यक्ष तनुमय कुंडू, रंजीत राम दे सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। आयोजकों ने कहा कि आने वाले वर्षों में भी इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करने और नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का प्रयास जारी रहेगा।














