जामुड़िया में हायना का आतंक खत्म, वन विभाग के जाल में फंसा जंगली जानवर

single balaji

जामुड़िया: जामुड़िया थाना क्षेत्र के अंतर्गत मादनतोड़ पंचायत इलाके से वन विभाग की टीम ने एक हायना को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया, जिसके बाद पूरे इलाके में फैली दहशत के बीच राहत की सांस ली गई। हायना के पकड़े जाने की खबर से आसपास के गांवों में काफी हलचल देखी गई।

जानकारी के अनुसार, पिछले लगभग 10 दिनों से मादनतोड़ पंचायत के अंतर्गत कई गांवों में रात के अंधेरे में एक हायना को घूमते हुए देखा जा रहा था। अचानक जंगली जानवर की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया था और लोग शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलने से बच रहे थे।

स्थानीय ग्रामीणों ने मामले की जानकारी तुरंत जामुड़िया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस सतर्क हो गई और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई। दूसरी ओर वन विभाग को सूचना मिलने के बाद विभागीय कर्मियों ने मादनतोड़ पंचायत के आसपास के कई गांवों में अलग-अलग स्थानों पर जाल बिछाए और लगातार निगरानी अभियान चलाया।

बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह वन विभाग के लगाए गए जाल में हायना फंस गया। इसके बाद वन विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित तरीके से हायना को रेस्क्यू कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही जामुड़िया थाना के चुरुलिया फाड़ी की पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

हायना के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों में राहत का माहौल है, लेकिन इस घटना ने वन्यजीवों के गांव की ओर आने को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जंगलों के घटते क्षेत्र और भोजन की तलाश में जंगली जानवर आबादी वाले इलाकों की ओर भटक जाते हैं।

वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, रेस्क्यू किए गए हायना का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा और बाद में उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भविष्य में किसी भी जंगली जानवर के दिखने पर घबराने के बजाय तुरंत पुलिस या वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

ghanty

Leave a comment