आसनसोल: उभरती हुई प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से शहर के राहा लेन स्थित म्युनिसिपल ग्राउंड में इंटर स्कूल स्पोर्ट्स मीट का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन इंटरनेशनल इक्विटेबल ह्यूमन राइट्स सोशल काउंसिल के स्पोर्ट्स विंग द्वारा किया गया, जहां बतौर मुख्य अतिथि मीडिया पर्सनेलिटी और चेयरमैन संजय सिन्हा ने खिलाड़ियों को संबोधित किया।
मुख्य अतिथि संजय सिन्हा ने कहा कि अक्सर नई और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच नहीं मिल पाता, जिसके कारण उनकी प्रतिभा दबकर रह जाती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी संस्था अब ऐसे उभरते खिलाड़ियों को अवसर देगी, ताकि वे खुद को साबित कर सकें और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि इंटरनेशनल इक्विटेबल ह्यूमन राइट्स सोशल काउंसिल का स्पोर्ट्स विंग तेजी से देशभर में कार्य कर रहा है और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। भविष्य में खिलाड़ियों के लिए स्कॉलरशिप योजना शुरू करने की भी घोषणा की गई, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली बच्चों को विशेष लाभ मिल सके।
प्रतियोगिताओं में बच्चों का शानदार प्रदर्शन
स्पोर्ट्स मीट के दौरान दौड़, खेलकूद और विभिन्न एथलेटिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों ने पूरे जोश और ऊर्जा के साथ भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को चेयरमैन संजय सिन्हा एवं अन्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया और मैदान तालियों की गूंज से भर उठा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं सिटी अध्यक्ष (स्पोर्ट्स विंग) विवेक दास ने गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भी भर दिया, जिससे आयोजन और भी आकर्षक बन गया।
कई गणमान्य अतिथि रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक मित्रा, जिले के डिप्टी ऑब्जर्वर (माइनॉरिटी विंग) मोहम्मद नौशाद, जिला कनवीनर अमित सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल को जीवन में अनुशासन और सफलता का माध्यम बताया।
स्पोर्ट्स मीट को सफल बनाने में सिटी अध्यक्ष (स्पोर्ट्स विंग) विवेक दास की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके साथ स्पोर्ट्स विंग के सचिव वृंदावन गोराई, उपाध्यक्ष मौसमी घोष, जामुड़िया प्रखंड की अध्यक्ष (विमेंस विंग) पायल दास, उपाध्यक्ष दशरथ पासवान, रजनीश रंजन, रवि पासवान, खुशबू साव समेत कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय योगदान दिया।
प्रतिभाओं को नई दिशा देने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में संस्था के सदस्यों ने चेयरमैन संजय सिन्हा और सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि यदि सही मंच और मार्गदर्शन मिले, तो छोटे शहरों के खिलाड़ी भी बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं।
आसनसोल में आयोजित यह स्पोर्ट्स मीट न केवल खेल प्रतियोगिता रहा, बल्कि नई पीढ़ी की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में उभरकर सामने आया।











