कुल्टी: पश्चिम बर्धमान के कुल्टी क्षेत्र में विकास को नई गति देते हुए रविवार देर शाम वार्ड संख्या 70 के खिलान धोड़ा स्थित भगत सिंह पार्क में अमृत योजना के तहत बनने वाली विशाल पानी टंकी का शिलान्यास राज्य के मंत्री मलय घटक द्वारा किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में एडी़डीए के उपाध्यक्ष उज्ज्वल चटर्जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार, लगभग 3 करोड़ 59 लाख 10 हजार रुपये की लागत से बनने वाली इस आधुनिक वाटर रिजर्वर की क्षमता 1 हजार 770 क्यूबिक लीटर पानी आपूर्ति की होगी। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कई वार्डों की बदलेगी जल आपूर्ति व्यवस्था
केंदुआ बाजार के निकट खिलान धोड़ा में बनने वाली इस पानी टंकी से वार्ड संख्या 70, 65 और 17 के लोगों को नियमित रूप से पीने का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अंतर्गत खिलान धोड़ा, बारह नंबर लोकोलाइन, केंदुआ बाजार, छह नंबर गेट, रांचीग्राम, मजिदिया पार्क, इट्ट भट्टा, मिस्री पाड़ा, स्टार चैंबर, उड़िया पाड़ा, हाड़ी पाड़ा, सरस्वती मंदिर सहित आसपास के संलग्न इलाकों के हजारों निवासियों को सीधे लाभ मिलेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी की समस्या काफी गंभीर हो जाती है, ऐसे में इस पानी टंकी के निर्माण से दैनिक जीवन में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और स्वच्छ पेयजल की सुविधा मजबूत होगी।
मंत्री मलय घटक का बड़ा बयान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री मलय घटक ने कहा कि कुल्टी के लोगों ने हमेशा सरकार का साथ दिया है और सरकार भी क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे मुफ्त राशन, लक्ष्मी भंडार और अन्य सामाजिक योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि बंगाल में लोगों का विश्वास विकास और जनकल्याण की नीतियों पर है तथा सरकार सभी जाति और समुदाय को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
विकास और जनसुविधाओं पर विशेष जोर
मंत्री ने यह भी कहा कि पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। इस पानी टंकी के निर्माण से न केवल जल संकट दूर होगा, बल्कि क्षेत्र में स्वच्छता और स्वास्थ्य स्तर में भी सुधार आएगा।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष कंचन राय, कुल्टी ब्लॉक हिंदी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रेमनाथ साव, ब्लॉक दो के युवा अध्यक्ष अमित यादव, वार्ड 70 के पार्षद वकील दास, विमान दत्ता, जतिन गुप्ता, तनवीर इमाम, संजय साव, महेश साव, चांद उस्मान, कपिल पासवान, लवकुश शर्मा, मुकेश साव, वार्ड अध्यक्ष रंजीत राय, पप्पू सिंह, पार्षद राधा सिंह, शुसांत मंडल, बाबू दत्ता, सुभाष प्रसाद, रीना प्रसाद, अभिषेक सिंह, अनुज केशरी, सकिल कुरेशी समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
स्थानीय नागरिकों ने इस परियोजना को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे कुल्टी के विभिन्न इलाकों में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या का स्थायी समाधान होगा और विकास की दिशा में यह एक मील का पत्थर साबित होगा।











