धनबाद मेयर चुनाव में सियासी रोमांच, चाची-भतीजे की टक्कर ने खींचा सबका ध्यान

single balaji

धनबाद नगर निगम चुनाव अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। 23 फरवरी को मतदान होना है, जबकि 21 फरवरी की शाम 5 बजे चुनाव प्रचार आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया। प्रचार का शोर थमने के बाद अब प्रत्याशी केवल घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकते हैं। लाउडस्पीकर और भोंपू के शांत होने से शहरवासियों को काफी राहत महसूस हुई है और अब पूरा शहर मतदान की तैयारी के माहौल में है।

जिला प्रशासन के अनुसार, 22 फरवरी को मतदान कर्मियों को चुनावी सामग्री के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए डिस्पैच किया जाएगा। सामग्री कोषांग में अंतिम चरण की तैयारियां तेज गति से चल रही हैं और सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मेयर पद के लिए 29 प्रत्याशी मैदान में

धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए कुल 29 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें प्रमुख नामों में अमित कुमार अग्रवाल (एयर कंडीशनर), आकाश दुसाध (छड़ी), इंदु देवी (चूड़ियां), उमेश पासवान (बैटरी टॉर्च), कुसुम देवी (बेंच), चंद्र शेखर अग्रवाल (बिस्कुट), जावेद इकबाल (बक्सा), दिलीप कुमार (ईंटें), दीनानाथ ठाकुर (बाल्टी), नवल किशोर पासवान (कैमरा), मो. परवेज खान (कार्पेट), प्रकाश कुमार (सीसीटीवी कैमरा), बिनोद कुमार सिंह (चपाती रोलर), भृगु नाथ भगत (चिमनी), मुकेश कुमार पांडेय (नारियल फार्म), यौगेंद्र प्रधान (कंप्यूटर माउस), रवि चौधरी (घन), रवि बुंदेला (हीरा), राजकुमार कनौजिया (डोली), राम विनय सिंह (ड्रिल मशीन), राहुल कुमार चौहान (बिजली का खंभा), मो. रुस्तम अंसारी (बांसुरी), लक्ष्मी देवी (फव्वारा), शमशेर आलम अंसारी (कीप), शांतनु कुमार चंद्रा (गैस का चूल्हा), शिल्पी शर्मा (चाय छलनी), संजीव कुमार (हरी मिर्च), संजीव सिंह (ऊन व सिलाई) और के. सी. सिंहराज (हेलमेट) शामिल हैं।

चाची-भतीजे की सियासी जंग बनी चर्चा का केंद्र

इस चुनाव में 29 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला भले ही बहुकोणीय हो, लेकिन पूर्व मेयर इंदु देवी और पूर्व विधायक संजीव सिंह के आमने-सामने होने से चुनाव बेहद दिलचस्प हो गया है। दोनों के बीच रिश्तेदारी होने के कारण यह मुकाबला “चाची-भतीजे की जंग” के रूप में पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों खेमों के बीच तीखी राजनीतिक बयानबाजी भी देखने को मिली, जिसने मतदाताओं की उत्सुकता और बढ़ा दी।

22 फरवरी को मतदान कर्मियों का डिस्पैच

मतदान से एक दिन पहले 22 फरवरी को सभी मतदान कर्मियों को चुनावी सामग्री के साथ रवाना किया जाएगा। प्रशासन ने बताया कि वाहनों को जमा करने की प्रक्रिया अंतिम दौर में है और सभी चुनावी वाहन रणधीर वर्मा स्टेडियम में सुरक्षित रखे गए हैं।

सामान्य प्रेक्षक ने किया निरीक्षण

धनबाद नगर निगम क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक ने सामग्री कोषांग का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मतदान सामग्रियों की उपलब्धता, पैकेजिंग, लेबलिंग, सीलिंग और सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही मतदान दलों के किट, स्टेशनरी पैकिंग और मतदान केंद्रों तक सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पारदर्शिता और सुरक्षा पर प्रशासन का फोकस

प्रेक्षक ने डिस्पैच के दिन चेकलिस्ट आधारित सत्यापन को अनिवार्य करने का निर्देश दिया है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। जिला प्रशासन ने पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सतर्कता, समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई पर जोर दिया है।

सभी मतदान केंद्र तंबाकू मुक्त घोषित

उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) आदित्य रंजन ने नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत धनबाद नगर निगम के 55 वार्डों और चिरकुंडा नगर परिषद के 21 वार्डों के सभी मतदान केंद्रों एवं मतगणना हॉल को धूम्रपान व तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित किया है। सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, पान मसाला और जर्दा के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

यह निर्णय बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 की धारा-4 तथा झारखंड राज्य के संबंधित अधिनियम 2021 के प्रावधानों के तहत लिया गया है। प्रशासन ने सभी मतदाताओं, प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे चुनाव आचार संहिता और दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

ghanty

Leave a comment