लाल किला और चांदनी चौक पर आतंकी साजिश का अलर्ट, देशभर में हाई सिक्योरिटी

single balaji

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला क्षेत्र समेत देश के कई बड़े शहरों में संभावित आतंकी हमले की साजिश को लेकर खुफिया एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी किया है। खुफिया सूत्रों के अनुसार, लाल किला के आसपास विस्फोट करने की योजना बनाई जा रही है, वहीं चांदनी चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों को भी निशाना बनाए जाने की आशंका जताई गई है।

सूत्रों का दावा है कि पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा पर धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को निशाना बनाने की साजिश रचने का आरोप है। विशेष रूप से लाल किला के पास स्थित मंदिरों तथा देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर हमले की आशंका को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं।

आईईडी और ड्रोन हमले की आशंका, सुरक्षा कड़ी

खुफिया इनपुट के अनुसार, इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के जरिए विस्फोट की योजना बनाई जा सकती है। इसके अलावा आत्मघाती ड्रोन हमलों की भी आशंका जताई गई है। इन इनपुट्स के बाद दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
राजधानी में प्रवेश करने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है, वहीं धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को कई गुना बढ़ा दिया गया है।

बदले की साजिश का इनपुट, एजेंसियों की बढ़ी चिंता

सूत्रों के मुताबिक 6 फरवरी को पाकिस्तान की एक मस्जिद में हुए विस्फोट, जिसमें 31 लोगों की मौत और 160 से अधिक लोग घायल हुए थे, उसके बाद बदले की साजिश रचे जाने की आशंका भी जताई जा रही है। खुफिया एजेंसियों को संकेत मिले हैं कि धार्मिक स्थलों, विशेषकर मंदिरों को निशाना बनाया जा सकता है।

पिछले विस्फोट की जांच से जुड़े अहम खुलासे

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 10 नवंबर को लाल किला मेट्रो स्टेशन के सामने हुए कार बम विस्फोट में हमलावर सहित 13 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। जांच में ‘डॉक्टर्स मॉड्यूल’ का नाम सामने आया था, जिनके संबंध आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से बताए गए थे।
जांच के दौरान हरियाणा स्थित अल फलाहा विश्वविद्यालय का नाम भी सामने आया था, जहां से जुड़े कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था। सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी मात्रा में लगभग 2900 किलोग्राम विस्फोटक बरामद करने का दावा किया था।

देशभर में सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई

जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों से संदिग्धों की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद यह खुलासा हुआ कि दिल्ली समेत देश के कई बड़े शहरों में हमलों की विस्तृत योजना बनाई गई थी।
इसी को देखते हुए केंद्र और राज्य की सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त अभियान तेज कर दिया है। रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, मंदिर, ऐतिहासिक स्थल और भीड़भाड़ वाले बाजारों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।

जनता से सतर्क रहने की अपील

सुरक्षा एजेंसियों ने आम जनता से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि अलर्ट के बावजूद स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके।

ghanty

Leave a comment