पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। यह अहम बैठक गृह मंत्री के आधिकारिक आवास पर हुई और करीब 30 मिनट तक चली।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, इस दौरान राज्य में जारी एसआईआर प्रक्रिया (विशेष पुनरीक्षण) और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। सुवेंदु अधिकारी सोमवार को दिल्ली पहुंचे और सीधे गृह मंत्री के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की।
राज्यसभा प्रत्याशियों पर भी विचार-विमर्श
जानकारी के मुताबिक, बैठक में राज्यसभा चुनाव के संभावित प्रत्याशियों के नामों पर भी मंथन हुआ। हालांकि दोनों नेताओं की ओर से इस मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विश्लेषकों का मानना है कि विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन और चुनावी रणनीति को धार देने के लिए यह बैठक निर्णायक साबित हो सकती है।
शाह का बंगाल दौरा और बढ़ी हलचल
गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को बंगाल के संक्षिप्त दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह नदिया जिले के मायापुर स्थित ISKCON मंदिर में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके दौरे से ठीक पहले दिल्ली में हुई यह मुलाकात राजनीतिक दृष्टि से कई संकेत दे रही है।
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार के आवास पर बंगाल भाजपा सांसदों के साथ बैठक की थी। लगातार हो रही इन बैठकों से साफ है कि भाजपा बंगाल चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय मोड में है।
चुनाव तिथियों की घोषणा की अटकलें
संभावना जताई जा रही है कि मार्च के पहले सप्ताह में चुनाव आयोग मतदान की तिथियों की घोषणा कर सकता है। उससे पहले इसी माह के अंत तक एसआईआर के तहत अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। ऐसे में संगठनात्मक मजबूती और रणनीतिक समन्वय पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि आने वाले दिनों में बंगाल की राजनीति और भी गरमा सकती है, क्योंकि सभी दल चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में जुट चुके हैं।











