आसनसोल: पश्चिम बंगाल में आगामी 2026 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने ‘संकल्प पत्र’ अभियान की शुरुआत कर दी है। रविवार शाम आसनसोल के रवींद्र भवन के सामने इस परियोजना का उद्घाटन भाजपा के राज्य नेता कृष्णेंदु मुखर्जी ने किया।
कार्यक्रम के तहत आम लोगों की राय जानने के लिए एक विशेष ड्रॉप बॉक्स लगाया गया है, जिसमें नागरिक अपने सुझाव, अपेक्षाएँ और समस्याएँ लिखकर जमा कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जनता के सुझावों के आधार पर ही भविष्य की नीतियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
भाजपा नेता कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि यदि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो राज्य को एक विकासशील और सुंदर प्रदेश बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने वर्तमान राज्य सरकार की नीतियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए कहा कि महिला सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर आम लोगों में असंतोष है।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं, जिनमें युवाश्री योजना समेत चार योजनाओं के फॉर्म वितरण का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि क्या राज्य केवल भत्तों पर चलेगा, या फिर युवाओं को स्थायी रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।
इस मौके पर भाजपा नेता डॉक्टर तुसारकांति बैनर्जी सहित पार्टी के कई अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोगों ने अभियान में भाग लेकर अपने सुझाव दर्ज कराए।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह अभियान आगामी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा हो सकता है, जिसके जरिए भाजपा सीधे जनता से संवाद स्थापित करने की कोशिश कर रही है।











