दुर्गापुर के मेडिकल कॉलेज में MBBS छात्र का शव मिलने से सनसनी

single balaji

दुर्गापुर: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित IQ City Medical College and Hospital में उस समय हड़कंप मच गया, जब मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल के बाथरूम से एक MBBS छात्र का फंदे से लटका हुआ शव बरामद किया गया। यह घटना शनिवार रात की बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही Durgapur Police Station की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृत छात्र की पहचान 22 वर्षीय लावण्य प्रताप के रूप में हुई है। वह MBBS द्वितीय वर्ष का छात्र था और मूल रूप से बिहार के पटना का निवासी था।

घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। साथी छात्रों के बीच दहशत और दुख का माहौल है। बताया जा रहा है कि छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में रह रहा था। देर रात तक जब वह बाहर नहीं आया, तो साथियों ने खोजबीन शुरू की। इसके बाद बाथरूम से उसका शव लटका हुआ मिला।

पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार को सूचना दे दी गई है और उनके दुर्गापुर पहुंचने की प्रतीक्षा की जा रही है।

कॉलेज प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। साथ ही छात्रों के लिए काउंसलिंग की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार के मानसिक दबाव से जूझ रहे छात्रों को समय पर सहायता मिल सके।

यह घटना एक बार फिर मेडिकल शिक्षा के दबाव और छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

ghanty

Leave a comment