आसनसोल:
आसनसोल शिल्पांचल में लंबे समय से चल रहे अवैध कोयला और बालू तस्करी नेटवर्क पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। ईडी की टीम ने रानीगंज के बख्तार नगर निवासी चिन्मय मंडल और उसके भांजे किरण खाँ को हिरासत में लिया है। इस गिरफ्तारी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मामा-भांजा की जोड़ी पर ईडी की शिकंजा
सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए चिन्मय मंडल और किरण खाँ आपस में मामा-भांजा हैं। किरण खाँ को क्षेत्र में बालू कारोबार से जुड़ा एक प्रभावशाली नाम माना जाता है। बताया जाता है कि उसके नाम पर कई बालू घाट संचालित हैं। आरोप है कि वैध कारोबार की आड़ में लंबे समय से अवैध रूप से बालू उठाव भी किया जा रहा था।
कोयला, बालू और पत्थर कारोबार में निवेश के आरोप
ईडी सूत्रों का दावा है कि चिन्मय मंडल का नाम आसनसोल क्षेत्र में कोयला, बालू और पत्थर के कारोबार में वर्षों से चर्चा में रहा है। उस पर वैध और अवैध, दोनों तरह के कारोबार में निवेश करने के आरोप हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि इन गतिविधियों में किरण खाँ की भी सक्रिय भूमिका थी और वह अपने मामा के अवैध नेटवर्क को मजबूत करने में मदद करता था।
जांच के दौरान हुई गिरफ्तारी
ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत चल रही जांच के क्रम में दोनों को हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई के बाद अवैध कोयला और बालू कारोबार से जुड़े अन्य कारोबारियों में भी डर और बेचैनी का माहौल है।
थाना प्रभारी की भूमिका भी जांच के घेरे में
इस मामले में बुदबुद थाना प्रभारी मनोरंजन मंडल को भी पूछताछ के लिए ईडी ने तलब किया था, हालांकि वे उपस्थित नहीं हो सके। इससे पहले ईडी की टीम उनके आवास पर भी छापेमारी कर चुकी है। ऐसे में उनकी भूमिका को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं और आगे की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं।
राजनीतिक प्रतिक्रिया भी तेज
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक अग्निमित्रा पाल ने कहा कि आसनसोल शिल्पांचल में कोयला और बालू का अवैध कारोबार कोई नई बात नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस काले कारोबार का पैसा चुनावी प्रक्रिया में भी इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने ईडी से मांग की कि वह केवल छोटे चेहरों तक सीमित न रहे, बल्कि इस पूरे नेटवर्क के सरगनाओं तक पहुंचे।
जांच जारी, और खुल सकते हैं बड़े नाम
फिलहाल ईडी की जांच जारी है और सूत्रों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। आसनसोल में अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ यह कार्रवाई अब तक की सबसे अहम मानी जा रही है।











