रानीगंज में बेखौफ चोरों का आतंक, घर से 35 लाख की चोरी से इलाके में हड़कंप

single balaji

रानीगंज: शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में गिने जाने वाले शिशु बागान मोड़ के पास मंगलवार शाम एक बड़ी चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। इलाहाबाद बैंक से सटी एक गली में स्थित एक मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए नकदी समेत लाखों रुपये के गहने उड़ा लिए। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल है।

पीड़िता सुधा अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार शाम वह घर में अकेली थीं। रोज़ की तरह शाम करीब 7 बजे वह टहलने के लिए छत पर चली गई थीं। करीब डेढ़ घंटे बाद जब वह रात लगभग 8:30 बजे नीचे लौटीं, तो घर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था।

पीड़िता के अनुसार, चोरों ने बेहद शातिर तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। चोरी गए सामानों में सोने के कई कीमती गहने शामिल हैं, जिनमें चेन, मंगलसूत्र, तीन अंगूठियां और अन्य आभूषण हैं। इसके अलावा चांदी के गिलास और थाली भी चोर ले गए। नकदी के रूप में 85 हजार रुपये भी गायब मिले। चोरी गए सामानों की कुल अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।

सुधा अग्रवाल ने बताया कि वह केवल थोड़े समय के लिए छत पर गई थीं और इसी दौरान चोर घर में घुस आए। उन्होंने कहा कि चोरों ने बड़ी सफाई और योजनाबद्ध तरीके से चोरी की, जिससे आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहले से घर की रेकी की थी।

घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका हमेशा चहल-पहल वाला रहता है, इसके बावजूद इस तरह की बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, घटना के बाद से स्थानीय लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

ghanty

Leave a comment