निमचा में विधायक अग्निमित्रा पाल के कार्यक्रम में नारेबाजी, सियासत गरमाई

single balaji

आसनसोल:
आसनसोल दक्षिण की भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल के निमचा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उस वक्त राजनीतिक माहौल अचानक गरमा गया, जब उनके पहुंचते ही विरोध के स्वर गूंजने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर “गो बैक” और “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए गए, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि विधायक अग्निमित्रा पाल अपने विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान “दीदी-भाई, पाड़ा-पाड़ा” कार्यक्रम के तहत निमचा पहुंची थीं। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा नारेबाजी शुरू कर दी गई, जिसे लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक अग्निमित्रा पाल ने सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि तृणमूल के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और कार्यों से घबरा चुके हैं, इसी डर की वजह से इस तरह की नारेबाजी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि 2026 के विधानसभा चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी, और यही वजह है कि भाजपा नेताओं को देखकर विरोध की राजनीति की जा रही है।

अग्निमित्रा पाल ने साफ शब्दों में कहा कि “कोई कितना भी दबाव बनाने की कोशिश कर ले, न तो मैं और न ही भाजपा पीछे हटने वाली है।” उन्होंने यह भी बताया कि नारेबाजी के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी विरोध दर्ज कराया और जवाबी नारे लगाए, जिसके बाद विरोध कर रहे लोग वहां से हट गए।

वहीं इस पूरे मामले पर क्षेत्र के तृणमूल नेता अर्जुन सिंह ने पलटवार करते हुए विधायक अग्निमित्रा पाल पर ही आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विधायक लंबे समय तक क्षेत्र से नदारद रहीं और अब अचानक आकर लोगों को उकसाने तथा इलाके की शांति भंग करने की कोशिश कर रही हैं।

हालांकि, घटना के बाद प्रशासन और स्थानीय नेताओं की पहल से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और फिलहाल इलाके में माहौल सामान्य बताया जा रहा है। लेकिन यह घटना साफ संकेत दे रही है कि 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले आसनसोल और उसके आसपास के इलाकों में राजनीतिक तापमान लगातार बढ़ने वाला है

ghanty

Leave a comment