कोलकाता:
महानगर कोलकाता में रविवार शाम एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए, जब रविंद्र सरोवर थाना क्षेत्र के गोलपार्क इलाके में गोलीबारी और बमबाज़ी की सनसनीखेज घटना सामने आई। इस घटना ने न सिर्फ इलाके में अफरा-तफरी मचा दी, बल्कि शहर की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना रविवार रात करीब 8:30 बजे कांकुलिया रोड पर हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस हिंसक वारदात के पीछे कुख्यात अपराधी सोना पप्पू का गिरोह शामिल है। सूचना मिलते ही रविंद्र सरोवर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि उपद्रवियों ने पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ की।
स्थानीय और पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार को गोलपार्क के पास पंचाननतला इलाके में एक क्लब द्वारा पिकनिक का आयोजन किया गया था। इसी दौरान दो गुटों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि 100 से 150 अपराधी, चेहरे पर रुमाल बांधे हुए, इलाके में घुस आए और अंधाधुंध फायरिंग, बमबाज़ी और धारदार हथियारों से हमला शुरू कर दिया।
उपद्रवियों ने सड़क पर खड़ी पुलिस गाड़ियों और स्थानीय लोगों की मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की, ईंट-पत्थर भी फेंके गए। मौके से पुलिस ने गोली के खोखे और बम की सुतली बरामद की है। घटनास्थल पर कई जगह खून के निशान भी पाए गए हैं, जो हिंसा की भयावहता को दर्शाते हैं।
इस हिंसक घटना में कम से कम दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में गणेश दास, जिनके सीने में गोली लगी है, और संत सिंह, जिनके सिर में गंभीर चोट आई है, शामिल हैं। दोनों का इलाज एसएसकेएम अस्पताल में चल रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सोना पप्पू का गिरोह पहले भी इलाके में आतंक मचा चुका है। लोगों का कहना है कि पिछली गणेश पूजा के दौरान भी इसी गिरोह ने जमकर उत्पात मचाया था। निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि थाना पास में होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था नाकाफी है।
घटना की जानकारी मिलते ही तृणमूल कांग्रेस के पार्षद वैष्णव चट्टोपाध्याय मौके पर पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों ने उन्हें घेरकर विरोध प्रदर्शन किया। पार्षद ने कहा कि पिकनिक को लेकर विवाद हुआ था और स्थिति अब नियंत्रण में है।
वहीं, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। डिप्टी कमिश्नर भोलानाथ पांडे ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। इलाके में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, साथ ही गोलपार्क के अलावा कसबा इलाके में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और दहशत का माहौल बना हुआ है।











