आसनसोल स्थित इंटरनेशनल इक्विटेबल ह्यूमन राइट्स सोशल काउंसिल के कार्यालय में शनिवार शाम एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान मानवाधिकारों की रक्षा, जागरूकता अभियान और संगठनात्मक मजबूती को लेकर विस्तृत मंत्रणा की गई।
गौरतलब है कि संस्था के चेयरमैन (इंटरनेशनल बोर्ड) संजय सिन्हा इन दिनों पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। उनके आगमन पर संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से सम्मान किया।
सम्मान समारोह के बाद अपने संबोधन में चेयरमैन संजय सिन्हा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इंटरनेशनल इक्विटेबल ह्यूमन राइट्स सोशल काउंसिल पूरे जोश और जज़्बे के साथ मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा,
“जहां कहीं भी मानवाधिकारों का हनन होता है, हमारी संस्था बुलंद आवाज़ में उसके खिलाफ खड़ी होती है। अब तक हम देशभर में 10 लाख से अधिक लोगों को मानवाधिकारों के प्रति जागरूक कर चुके हैं।”
उन्होंने आगे बताया कि संस्था की ओर से लगातार ह्यूमन राइट्स और लीगल अवेयरनेस कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे आम लोग अपने अधिकारों और कानून की बुनियादी जानकारी प्राप्त कर सकें।
संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए श्री सिन्हा ने पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि संस्था से केवल उन्हीं लोगों को जोड़ा जाए, जो मानवाधिकारों की इस मुहिम में ईमानदारी से योगदान दे सकें। आपराधिक पृष्ठभूमि या गलत नीयत से संगठन में प्रवेश करने वालों का सख्त विरोध करने की बात भी उन्होंने कही।
बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि संस्था की सदस्यता के लिए सदस्यता फॉर्म भरना अनिवार्य होगा। साथ ही प्रदेश, जिला और सिटी स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी। सभी पदाधिकारी अपने-अपने आवास पर कार्यालय खोलकर आम लोगों की समस्याओं को सुनेंगे और उनकी मदद करेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट (विमेंस विंग) दीपांजना दे कुंडू, प्रदेश उपाध्यक्ष कौशिक रॉय चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष दीपक मित्रा, सिटी अध्यक्ष (स्पोर्ट्स विंग) विवेक दास, जिला अध्यक्ष तनुमोय कुंडू, सिटी वाइस प्रेसिडेंट (विमेंस विंग) गोपा दास, सिटी ज्वाइंट सेक्रेटरी अक्षय गुप्ता सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
चेयरमैन संजय सिन्हा ने सभी पदाधिकारियों से सक्रिय रहते हुए जमीनी स्तर पर मानवाधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने की अपील की।











