दुर्गापुर
दुर्गापुर शहर को अवैध पार्किंग से मुक्त करने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस ने सिटी सेंटर इलाके में लगातार सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार रात करीब 9 बजे के बाद सिटी सेंटर स्थित बिग बाजार और डॉक्टर्स कॉलोनी क्षेत्र में ट्रैफिक एसीपी राजकुमार मालाकार के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया।
इस अभियान के दौरान सड़क के दोनों किनारों पर अवैध रूप से खड़े चार पहिया वाहनों पर सीधे जुर्माना लगाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया, जबकि स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की इस पहल का स्वागत किया।
गौरतलब है कि 29 तारीख को आयोजित एक प्रेस वार्ता में डीसी ट्रैफिक ने साफ तौर पर कहा था कि दुर्गापुर को अवैध पार्किंग मुक्त शहर बनाने के लिए कठोर कदम उठाए जाएंगे। उसी घोषणा के अनुरूप अब जमीनी स्तर पर लगातार कार्रवाई देखने को मिल रही है।
इसी क्रम में दुर्गापुर शहर के कुल 13 स्थानों पर एडीए (आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण) की ओर से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अधिकृत पार्किंग ज़ोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे न केवल ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय महिलाओं को रोजगार का अवसर भी मिलेगा।
सिटी सेंटर क्षेत्र को पूरी तरह अवैध पार्किंग मुक्त ज़ोन घोषित करने के लक्ष्य के तहत ट्रैफिक एसीपी राजकुमार मालाकार स्वयं मैदान में उतरकर अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में यह अभियान और भी सख्त होगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग ज़ोन में ही वाहन खड़ा करें, अन्यथा जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई के लिए भी तैयार रहें।











