आसनसोल।
प्रेम को हमेशा त्याग, समर्पण और निस्वार्थ भावना का प्रतीक माना जाता है। कहा जाता है कि सच्चा प्रेम वह होता है, जिसमें किसी को नुकसान नहीं, बल्कि एक-दूसरे की खुशी सर्वोपरि होती है। लेकिन पश्चिम बंगाल के आसनसोल से सामने आए दो अलग-अलग हत्याकांडों ने इस धारणा को झकझोर कर रख दिया है। इन मामलों ने न सिर्फ समाज को बल्कि पुलिस प्रशासन को भी यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या इसे प्रेम कहा जा सकता है?
🔴 पहला मामला: प्रेमी के लिए पति बना रोड़ा, पत्नी ने रची हत्या की साजिश
दो दिन पहले आसनसोल के जामुड़िया थाना अंतर्गत श्रीपुर पुलिस फाड़ी के परिहारपुर इलाके में एल-इंट भट्ठा के पास संजीव बाउरी का शव बरामद हुआ। शव पर कई गहरे चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका गहराती चली गई। पुलिस ने तत्काल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। संजीव बाउरी की पत्नी का अभिराम बाउरी नामक युवक के साथ अवैध प्रेम संबंध था। इस रिश्ते में संजीव सबसे बड़ी बाधा बन रहा था। इसी कारण पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर संजीव की हत्या की साजिश रच डाली।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान पहले पत्नी और बाद में उसके प्रेमी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। दोनों को लगा था कि पति की मौत के बाद वे बेखौफ जीवन जी पाएंगे, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
🔴 दूसरा मामला: सास बनी बाधा, बहू ने प्रेमी संग कर दी हत्या
शुक्रवार को एक और सनसनीखेज मामला आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र से सामने आया। यहां मऊ राय नामक एक बुजुर्ग महिला का शव उनके ही घर में मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के गले पर निशान पाए गए और उनका सोने का हार भी गायब था। मृतका के भाई ने हत्या की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका की बहू रीना राय का प्रेम संबंध समीर आलम नामक युवक से था, जो झारखंड के डाल्टनगंज का निवासी है। दोनों छिपकर मिलते थे और मोबाइल के जरिए लगातार संपर्क में रहते थे। जब मऊ राय को इस अवैध संबंध की जानकारी मिली, तो वह इसके खिलाफ खड़ी हो गईं।
इसी बाधा को हटाने के लिए रीना ने अपने प्रेमी समीर के साथ मिलकर सास की हत्या की साजिश रची। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के डीसी ध्रुव दास के अनुसार, मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने पर समीर को भगत सिंह मोड़ इलाके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की और बताया कि यह सब उसने रीना के कहने पर किया था। इसके बाद रीना राय को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
🚨 समाज के लिए चेतावनी
इन दोनों घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि जब प्रेम स्वार्थ, लालच और वासना में बदल जाता है, तो उसका अंत केवल विनाश ही होता है। आसनसोल के ये दो मामले समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी हैं कि रिश्तों में संवाद, विश्वास और नैतिकता की कमी किस हद तक खतरनाक साबित हो सकती है।
फिलहाल, दोनों मामलों में आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और अदालत में पेश किए जा चुके हैं। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।











