आसनसोल :
पश्चिम बंगाल के आसनसोल अंतर्गत सालानपुर थाना क्षेत्र के डेंदुआ इलाके में स्थित एक निजी बालाजी ग्लास फैक्ट्री के गोदाम में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम से उठती आग की ऊँची लपटें और घना धुआँ दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाना की पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग को फैलने से रोकने के लिए चारों ओर से पानी की बौछार की गई।

फैक्ट्री सूत्रों के अनुसार, गोदाम में बड़ी मात्रा में कांच के सामान की पैकिंग के लिए रखे गए कार्टन मौजूद थे, जिनमें आग तेजी से फैल गई। इस वजह से आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया।
हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जो राहत की बात है। फैक्ट्री प्रबंधन का दावा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जबकि दमकल विभाग ने बताया कि आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
फैक्ट्री अधिकारियों के अनुसार, इस भीषण अग्निकांड में एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और औद्योगिक इलाकों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।











