बर्नपुर / आसनसोल:
सिख धर्म के दसवें गुरु, साहिब-ए-कमाल गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज की 359वीं जयंती के पावन अवसर पर बर्नपुर गुरुद्वारा साहिब प्रबंधक कमेटी की ओर से पावन प्रकाश उत्सव बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसने पूरे बर्नपुर क्षेत्र को गुरु भक्ति के रंग में रंग दिया।
नगर कीर्तन की शुरुआत गुरुद्वारा साहिब से हुई, जिसमें सबसे आगे पंज प्यारों की अगुवाई में गुरु ग्रंथ साहिब जी को सुसज्जित वाहन पर विराजमान किया गया। रागी जत्थों द्वारा शबद-कीर्तन, गुरबाणी और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। सिख समुदाय के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी इस नगर कीर्तन में शामिल हुए।
नगर कीर्तन के दौरान जगह-जगह शरबत, लंगर और प्रसाद की व्यवस्था की गई। युवाओं और सेवाभावी संगठनों ने अनुशासन और सेवा का परिचय देते हुए आयोजन को सफल बनाया। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में भी खासा उत्साह देखा गया।
प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने बताया कि गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन साहस, त्याग, समानता और मानवता की मिसाल है। उन्होंने अन्याय के खिलाफ संघर्ष और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। नगर कीर्तन का उद्देश्य नई पीढ़ी को गुरु साहिब की शिक्षाओं से जोड़ना है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन की ओर से भी विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। पूरा बर्नपुर क्षेत्र “वाहेगुरु” के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया।











