दुर्गापुर:
मिड डे मील योजना से जुड़ी रसोइयों को काम से हटाने के आरोप को लेकर कांकसा के बिद बिहार स्थित शिवपुर हाई स्कूल में शुक्रवार को भारी बवाल मच गया। गुस्साई महिलाओं ने प्रधानाध्यापक का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके चलते विद्यालय में मिड डे मील पूरी तरह बंद करना पड़ा। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पूरे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बिद बिहार ग्राम पंचायत के अंतर्गत एक स्वयं सहायता समूह की करीब 40 महिलाएं लंबे समय से इस विद्यालय में मिड डे मील के तहत खाना बनाने का काम कर रही हैं। महिलाओं का आरोप है कि प्रधानाध्यापक जबरन केवल चार रसोइयों को रखने और बाकी सभी को बाहर करने की कोशिश कर रहे हैं। इस फैसले के पीछे कोई स्पष्ट कारण न बताए जाने से महिलाएं भड़क उठीं।
शुक्रवार सुबह से ही रसोइयों ने विद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित महिलाओं ने मिड डे मील की रसोई बंद कर दी और चेतावनी दी कि यदि उन्हें दोबारा काम पर नहीं लिया गया, तो वे स्कूल बंद कर आंदोलन और तेज करेंगी। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो वे प्रधानाध्यापक को स्कूल में प्रवेश नहीं करने देंगी।
प्रदर्शन कर रहीं महिला एसोना बागदी ने कहा,
“जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, हमारा आंदोलन जारी रहेगा। हम खाना नहीं बनाने देंगे और जरूरत पड़ी तो स्कूल में ताला लगा देंगे।”
वहीं, इस पूरे मामले पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक देवब्रत बंद्योपाध्याय ने सफाई देते हुए कहा,
“केवल चार लोगों के खातों में भुगतान जा रहा है, इसी वजह से यह समस्या उत्पन्न हुई है। मैंने इस विषय की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी है। आज मिड डे मील नहीं बना है, लेकिन बच्चों के लिए केक और बिस्कुट की व्यवस्था की जा रही है।”
इधर, बिद बिहार ग्राम पंचायत के सदस्य स्वपन सूत्रधार ने कहा,
“मुझे इस समस्या की जानकारी मिली है। मैं प्रधानाध्यापक से बात कर समाधान निकालने की कोशिश करूंगा।”
इस घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि आपसी विवाद का खामियाजा मासूम छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि तुरंत हस्तक्षेप कर मिड डे मील व्यवस्था बहाल की जाए और रसोइयों की समस्याओं का न्यायसंगत समाधान निकाला जाए।














