जमुड़िया, पश्चिम बर्धमान:
जमुड़िया थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिद्धीपुर गांव के नापित पाड़ा इलाके में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। चोरों ने एक ही घर को निशाना बनाकर नकद रुपये और भारी मात्रा में सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
परिवार सूत्रों के अनुसार, सिद्धीपुर गांव के निवासी लक्ष्मीकांत मंडल मंगलवार दोपहर अपने घर के बाथरूम में गए थे। उसी समय उनकी पत्नी और छोटे बेटे की पत्नी किसी निजी कारण से पास के एक पड़ोसी के घर चली गईं। घर के मुखिया के बाथरूम में होने और बाकी सदस्यों के बाहर जाने का फायदा उठाकर चोर खाली घर में घुस गया।
घर में घुसकर चोर ने जमकर उत्पात मचाया। अलमारियां तोड़ी गईं और पूरे घर को खंगाल डाला गया। छोटे बेटे की पत्नी टीना मंडल ने बताया कि पड़ोसी के घर से लौटने पर उन्होंने घर के अंदर का नजारा देखा तो सन्न रह गए। नीचे और ऊपर दोनों मंजिलों में अलमारियां खुली हुई थीं।
तलाशी लेने पर पता चला कि घर में रखे सास के सोने के गहने, उनके स्वयं के और देवर के गहने मिलाकर करीब 20 से 25 तोला सोना चोरी हो चुका है। इसके अलावा लगभग 50 हजार रुपये नकद भी गायब मिले।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दिन के उजाले में मात्र 20 से 25 मिनट के भीतर चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
इस घटना के बाद न सिर्फ पीड़ित परिवार, बल्कि पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की चोरी से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जमुड़िया थाना के केंदा फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी जानकारियां जुटाईं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोर को पकड़ लिया जाएगा।














