आसनसोल:
आसनसोल के कूल्टी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नियामतपुर गांव में एक बार फिर आध्यात्मिक वातावरण बन गया है। गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी यहां श्रीमद्भागवद गीता पाठ और ज्ञान महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया है। यह धार्मिक कार्यक्रम आज से शुरू होकर लगातार सात दिनों तक चलेगा।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले बुधवार सुबह नियामतपुर गांव में नगर परिक्रमा का आयोजन किया गया। सुबह करीब 10 बजे गांव के कालि मंदिर से नगर परिक्रमा शुरू हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजन-कीर्तन, शंखध्वनि और जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा।
आयोजक समिति के अनुसार, आज शाम 4 बजे से सात दिवसीय श्रीमद्भागवद गीता पाठ प्रारंभ होगा। इस अवसर पर वृंदावन से पधारे प्रसिद्ध प्रवक्ता श्री माधव चैतन्य दास महाराज श्रद्धालुओं को गीता का पाठ और उसके आध्यात्मिक संदेशों की व्याख्या करेंगे।
गीता पाठ के साथ-साथ कार्यक्रम में यज्ञ, पूर्ण आहुति तथा समाज सेवा के उद्देश्य से नर-नारायण सेवा का भी आयोजन किया गया है। आयोजकों का कहना है कि इस धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य समाज में शांति, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह के आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और मूल्यों से जोड़ने का कार्य भी करते हैं। नियामतपुर गांव में इस समय उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।











