जामुड़िया (पश्चिम बर्धमान):
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद आतिशबाजी के दौरान तृणमूल कांग्रेस (TMC) के दो गुटों के बीच शुक्रवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि इसमें वार्ड नंबर 5 की महिला पार्षद बंदना रुईदास ने सीधे तौर पर पार्टी के ही पूर्व युवा पदाधिकारी गोपि धीबर पर मारपीट का आरोप जड़ दिया।
आतिशबाजी से शुरू हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे आर.एन.एस. क्लब की प्रतिमा विसर्जन के बाद आतिशबाजी हो रही थी। उसी बीच एक चिंगारी पास खड़ी महिला के कपड़ों पर गिर गई। इसी घटना को लेकर पार्षद बंदना रुईदास और गोपि धीबर के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गई।
पार्षद का आरोप बनाम नेता का इंकार
पार्षद बंदना रुईदास ने आरोप लगाया कि बहस के दौरान गोपि धीबर ने उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की। वहीं, गोपि धीबर ने इन आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि यह “राजनीतिक साजिश” है और उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।
पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की एक बड़ी टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया। आधी रात तक माहौल तनावपूर्ण रहा। वहीं सुबह लगभग 5 बजे तृणमूल युवा नेता प्रेम पाल सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और इस घटना की कड़ी निंदा की।
गुटबाज़ी फिर उजागर
स्थानीय लोगों का कहना है कि तृणमूल के भीतर लंबे समय से गुटबाज़ी चल रही है और यह विवाद उसी का नतीजा है। दुर्गा विसर्जन जैसे धार्मिक मौके पर हुए इस हंगामे ने इलाके की सियासत को और गरमा दिया है।












