कुल्टी, रिपोर्ट: संजीब कुमार यादव।
बराकर पुलिस फाड़ी क्षेत्र के बलतोड़िया इलाके (वार्ड 66) में रविवार को भारी हंगामा देखने को मिला। इलाके के सैकड़ों लोगों ने तृणमूल पार्षद अशोक पासवान पर युवा संघ गणेश पूजा मेला कमिटी के करीब 60 हजार रुपए गबन करने का गंभीर आरोप लगाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्षद ने न सिर्फ कमिटी का पैसा गबन किया बल्कि एक नई कमिटी का गठन भी कर दिया, जबकि वर्षों से यहाँ एक ही गणेश पूजा कमिटी काम कर रही थी और कभी ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं हुई थी।
कृष्णा धारी, पप्पू वर्मा, गौतम पासवान, संतोष पासवान, निर्मल बिंद, मुकेश राम, अजित ताती, राहुल धारी, राजा बिंद और सुरेश महतो सहित कई सदस्यों ने संयुक्त रूप से आरोप लगाया कि अशोक पासवान समस्या सुलझाने के बजाय टाल-मटोल कर रहे हैं। यही कारण है कि संदेह और गहरा गया है। उन्होंने बताया कि मौखिक रूप से बराकर पुलिस को इसकी जानकारी दी गई है और लिखित शिकायत दर्ज कराने की तैयारी चल रही है।
दूसरी ओर, पार्षद अशोक पासवान ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया। उनका कहना है,
“जब से मैं पार्षद बना हूं, मैंने कमिटी के फंड में पहले से ज्यादा राशि जमा करवाई है। इसका पूरा ब्यौरा मैं जनता के सामने रख सकता हूं। मेरे ऊपर लगाए गए आरोप सिर्फ राजनीतिक साजिश हैं।”
फिर भी, स्थिति इतनी गर्म हो गई कि सैकड़ों स्थानीय लोग पार्षद के कार्यालय के बाहर जमा होकर नारेबाजी करने लगे। इससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामला अब पुलिस और प्रशासन के संज्ञान में आ चुका है। स्थानीय लोग साफ कह रहे हैं कि अगर 60 हजार की गबन राशि वापस नहीं की गई तो आंदोलन और तेज होगा।