जल विभाग से लेकर मेयर ऑफिस तक, छात्रों ने देखी सरकारी व्यवस्था

single balaji

आसनसोल, 2 जून 2025:
शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं होती, यह सिद्ध कर दिखाया आसनसोल के तालपुखरिया उर्दू जूनियर हाई स्कूल के छात्रों ने, जिन्होंने सोमवार को एक शैक्षिक भ्रमण के तहत आसनसोल नगर निगम का दौरा किया। इस भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को किताबों के बाहर की प्रशासनिक दुनिया से रूबरू कराना था।

छात्रों का प्रतिनिधि दल सबसे पहले पहुंचा नगर निगम के मेयर श्री विधान उपाध्याय के कक्ष में, जहाँ उन्होंने मेयर के दैनिक कार्यों को प्रत्यक्ष रूप से देखा और जाना कि नगर प्रशासन कैसे शहर की व्यवस्था संभालता है। इसके बाद छात्रों ने डिप्टी मेयर श्री वसीम उल हक के ऑफिस का दौरा किया और उनसे भी सवाल पूछे।

जल विभाग का दौरा बना आकर्षण का केंद्र

छात्रों को सबसे अधिक आकर्षित किया जल विभाग, जहां उन्होंने जाना कि पीने के पानी की आपूर्ति, पाइपलाइन नेटवर्क और जल शुद्धिकरण की प्रक्रिया किस तरह से होती है। अधिकारियों ने छात्रों को फिल्ड स्तर पर कार्य प्रणाली की जानकारी दी और वास्तविक दस्तावेज़ दिखाए।

इस शैक्षिक भ्रमण से छात्रों में प्रशासनिक समझ के साथ-साथ सिविक सेंस का भी विकास हुआ। छात्रों ने नगर निगम की कार्यशैली से प्रभावित होकर कहा कि उन्हें अब यह बेहतर समझ में आया है कि शहर कैसे चलता है और जनता की सेवा कैसे की जाती है।

विद्यालय प्रशासन ने जताया आभार

विद्यालय के शिक्षक और प्रधानाध्यापक ने आसनसोल नगर निगम का आभार व्यक्त किया और कहा कि बच्चों को व्यवहारिक ज्ञान देना आज के समय में बेहद आवश्यक है। भविष्य में भी ऐसे भ्रमण आयोजित किए जाएंगे ताकि बच्चे सिर्फ पढ़ाई नहीं, बल्कि वास्तविक जीवन की जटिलताओं को भी समझ सकें।

ghanty

Leave a comment