रानीगंज में युवक की मौत से भड़का आक्रोश, हमलावरों के घरों में तोड़फोड़
रानीगंज, पश्चिम बंगाल: शनिवार को रानीगंज थाना अंतर्गत बख्तर नगर इलाके में हुई एक मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया, जब दो पक्षों के बीच झगड़ा होते-होते एक युवक की जान ले बैठा। मृतक की पहचान 32 वर्षीय अमित बावड़ी के रूप में हुई है, जिसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शनिवार शाम को उसकी मौत हो गई।
तनावपूर्ण हो गया बख्तर नगर इलाका
अमित की मौत की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश की लहर दौड़ गई। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी परिमल बाउरी और कमल बाउरी के घरों पर हमला बोल दिया और जमकर तोड़फोड़ की। हालात बेकाबू होते देख रानीगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
बहन का आरोप— ये सीधी हत्या है
अमित की बहन ने रोते हुए मीडिया को बताया, “गुरुवार को मेरा भाई सरदार बाड़ी गया था, जहां परिमल और कमल ने उसे बेरहमी से पीटा। ये कोई झगड़ा नहीं था, ये सुनियोजित हत्या है। वह शादीशुदा था और उसका एक छोटा बच्चा है। अब उसके परिवार का क्या होगा?”
एक आरोपी गिरफ्तार, इलाके में पुलिस बल तैनात
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। रानीगंज पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोग बोले— हत्यारों को मिले फांसी
इलाके में रह रहे लोगों ने कैंडल मार्च और विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। मृतक के परिवार को मुआवजा और बच्चे के पालन-पोषण की जिम्मेदारी सरकार को उठानी चाहिए।













