आसनसोल: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को शुक्रवार देर शाम बड़ी सफलता मिली, जब उसने आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के जुबिली मोड़ से मोस्ट वांटेड अपराधी महमूद फिरदौस उर्फ लड्डू को गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे लड्डू को STF ने गुप्त सूचना के आधार पर एक सटीक और ताबड़तोड़ ऑपरेशन में धर दबोचा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लड्डू के खिलाफ पश्चिम बंगाल के कई थानों में गंभीर आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वह काफी समय से भूमिगत था और लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। STF की टीम ने काफी समय से उसकी निगरानी कर रखी थी और जैसे ही सूचना पुख्ता हुई, जुबिली मोड़ इलाके में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद हुए हथियारों का जखीरा
गिरफ्तारी के दौरान महमूद फिरदौस के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं, जिसमें 9 एमएम और 7 एमएम की पिस्तौलें, देसी कट्टे और कई जिंदा कारतूस शामिल हैं। इससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
कोर्ट से 10 दिन की पुलिस रिमांड
गिरफ्तारी के बाद उसे शनिवार को आसनसोल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे 10 दिनों की STF रिमांड में भेज दिया। अब उसे पूछताछ के लिए कोलकाता ले जाया गया है। STF अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि इतने हथियार वह कहां से लाया और उसके तार किन-किन आपराधिक संगठनों से जुड़े हैं।
कई खुलासों की उम्मीद
STF अधिकारियों ने बताया कि महमूद फिरदौस उर्फ लड्डू के पास से बरामद हथियार इस ओर संकेत करते हैं कि वह बड़े अपराधों में लिप्त था या होने वाला था। मामले की गहराई से जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस केस से जुड़े कई बड़े नाम सामने आने की संभावना है।
STF की टीम को मिल सकती है सराहना
राज्य के पुलिस महकमे ने STF की इस कार्रवाई की प्रशंसा की है और इसे कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है। इस सफलता के लिए STF की टीम को राज्य सरकार की ओर से प्रशंसा पत्र भी दिया जा सकता है।













