आसनसोल (पश्चिम बंगाल):
जहां एक ओर भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को परेशान कर रखा है, वहीं आसनसोल नगर निगम के वार्ड 44 में राहगीरों को राहत देने के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। यहां तेज धूप और 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचे तापमान के बीच, ठंडा पानी सेवा की शुरुआत की गई है।
इस पहल की अगुवाई कर रहे हैं वार्ड 44 के तृणमूल पार्षद और नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी। उनके सहयोग और सामाजिक संगठनों के समर्थन से GT रोड पर एक विशेष “ठंडा पानी वितरण केंद्र” लगाया गया है, जहां राहगीरों को मुफ्त में ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
मंदिरों और समाज के सभी वर्गों का योगदान
चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी ने बताया कि यह सेवा भाव से की जा रही है, जिसमें विभिन्न मंदिरों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सभी समुदायों के लोगों ने मिलकर योगदान दिया है। यह पहल न केवल धार्मिक सद्भाव का उदाहरण है, बल्कि सामाजिक एकता का भी प्रतीक बन गई है।
हर राहगीर के चेहरे पर राहत की मुस्कान
गर्मी में जहां आम लोग चिलचिलाती धूप से बेहाल हैं, वहीं इस पानी सेवा केंद्र पर आते ही उनके चेहरे पर राहत की मुस्कान देखने को मिल रही है। लोग इस पहल की जमकर सराहना कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि ऐसे सेवा केंद्र शहर के अन्य हिस्सों में भी स्थापित किए जाएं।













