बराकर (आसनसोल), पश्चिम बंगाल:
सोमवार की अहले सुबह बराकर बस स्टैंड इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ शराब के नशे में धुत पांच युवकों ने बस चालक सज्जाद को बुरी तरह पीट-पीटकर घायल कर दिया। मामला कुलटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है और घटना करीब सुबह 5 बजे की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झारखंड की ओर जा रही एक कार में सवार पांच शराबियों ने तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे। बस चालक सज्जाद ने उन्हें सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी, जिससे नाराज होकर वे सज्जाद पर टूट पड़े। शराबियों ने सज्जाद को जमीन पर गिराकर इतनी बेरहमी से पीटा कि वह बेहोश हो गया।
🆘 सज्जाद की जान बची लोगों की सजगता से
सौभाग्यवश, पास में मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने सज्जाद की चीख-पुकार सुन ली और मौके पर पहुंचकर उसे शराबियों के चंगुल से छुड़ाया। उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
🚓 दो आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार
हमले के बाद तीन शराबी कार लेकर फरार हो गए, जबकि दो को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस फरार तीनों आरोपियों की तलाश में जुट गई है। कुलटी थाना की टीम ने मामले में जांच शुरू कर दी है और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
🚌 बस और ऑटो चालकों की हड़ताल, आम जनता परेशान
घटना से नाराज होकर बस और ऑटो चालकों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। जब तक फरार तीनों हमलावर गिरफ्तार नहीं होते, तब तक किसी भी सवारी वाहन का संचालन नहीं होगा। इसका असर आसनसोल और झारखंड जाने वाले यात्रियों पर भारी पड़ा है – स्कूल, ऑफिस और आवश्यक कामों के लिए निकले लोग घंटों फंसे रहे।













