आसनसोल, पश्चिम बर्दवान: लोकसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस पूरी तरह से एक्टिव मोड में आ गई है। आसनसोल के राहा लाइन स्थित पार्टी कार्यालय में जिला अध्यक्ष नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती के नेतृत्व में एक रणनीतिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें वोटर लिस्ट की जांच को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में राज्य तृणमूल कांग्रेस के सचिव वी. शिवदासन दासु ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्वयं निर्देश दिए हैं कि वोटर लिस्ट में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फर्जी नाम हटाने और बाहरी लोगों की पहचान के लिए एक राज्यव्यापी अभियान शुरू किया गया है, जो जिला से लेकर बूथ स्तर तक चलाया जाएगा।
घर-घर जाकर होगी वोटर लिस्ट की जांच
इस अभियान के तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर वोटर लिस्ट का स्क्रूटनी करेंगे। हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी गई है कि वो अपने-अपने इलाकों में वोटर लिस्ट की बारीकी से जांच करें, ताकि कोई फर्जी नाम या बाहरी व्यक्ति सूची में ना रहे।
दासु ने कहा:
“तृणमूल कांग्रेस निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव चाहती है। इसके लिए जरूरी है कि वोटर लिस्ट पूरी तरह से शुद्ध हो।”
फील्ड में उतरने को तैयार कार्यकर्ता
बैठक में यह तय किया गया कि आने वाले दिनों में हर क्षेत्र में पार्टी के कार्यकर्ता स्क्रूटनी अभियान चलाएंगे। यह अभियान केवल वोटर लिस्ट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि TMC कार्यकर्ता जागरूकता अभियान भी चलाएंगे, जिससे आम जनता भी अपने मताधिकार को लेकर सजग हो।
यह बैठक TMC की राजनीतिक सतर्कता और संगठनात्मक शक्ति का परिचायक मानी जा रही है, जो आने वाले चुनावों को देखते हुए एक बड़ी रणनीति का हिस्सा है।










