बर्नपुर: हीरापुर थाना क्षेत्र के बर्नपुर रोड स्थित निमतल्ला इलाके में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने आधा दर्जन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में एक सैलून, चाय दुकान, होटल, लोहार की दुकान, गैरेज और चिकन शॉप जलकर खाक हो गए।
🔥 रात के 1:30 बजे भड़की आग, लाखों का नुकसान!
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें इतनी तेज़ थीं कि दुकान मालिकों को कोई सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने पहले खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बेकाबू होती चली गई। उन्होंने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
🚒 दमकल की दो गाड़ियों ने पाया काबू, लेकिन तब तक सब जल चुका था!

हीरापुर थाना पुलिस की मौजूदगी में दमकल की दो गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकानों में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
👀 क्या आग कोई साजिश थी? दुकानदारों ने जताई आशंका!

इस हादसे के बाद दुकानदारों में रोष है। होटल मालिक पंकज ने कहा, “कुछ महीने पहले ही मैंने दुकान को नए रूप में तैयार किया था, लेकिन अब सब कुछ जल गया। दो साल पहले भी मेरी दुकान आग की चपेट में आ चुकी थी। अब यह हादसा हुआ, यह महज़ इत्तेफाक नहीं हो सकता।”
चिकन शॉप के मालिक शाहिद खान ने कहा, “दुकान में रखी सभी मुर्गियों को बचा लिया गया, लेकिन दुकान का बाकी सारा सामान जलकर खाक हो गया। यह कोई हादसा नहीं बल्कि साजिश हो सकती है।”

⚠️ दो साल पहले भी जली थीं पांच दुकानें! क्या है सच्चाई?
स्थानीय लोगों के अनुसार, दो साल पहले भी इसी तरह आगजनी की घटना में पांच दुकानें जलकर राख हो गई थीं। अब सवाल उठ रहा है कि क्या यह घटना भी किसी साजिश का नतीजा है? पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

📢 पीड़ित दुकानदारों की मांग, प्रशासन करे मदद!
आग से प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन से मुआवजे और इस घटना की गहन जांच की मांग की है। अगर यह कोई साजिश है, तो दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।













