आसनसोल: आसनसोल के कन्यापुर मोड़, सिंडरेला रोड पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। रेल साइडिंग से निकले एक ओवरलोडेड भारी वाहन ने तीन वाहनों को बुरी तरह टक्कर मार दी। हादसे में सबसे पहले एक मारुति कार को टक्कर लगी। इसके बाद ट्रक ने एक बाइक और एक स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। स्कूटी सवार ने किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन स्कूटी हाईवे के नीचे गिर गई।

स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम
हादसे के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रेल साइडिंग से निकलने वाले वाहन अक्सर ओवरलोड रहते हैं और तेज रफ्तार से चलते हैं। इससे सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
पहले भी उठ चुकी है आवाज, लेकिन प्रशासन मौन

स्थानीय कांग्रेस नेता प्रश्नजीत पोइतुंडी ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी प्रशासन को कई बार शिकायतें दी गई हैं। बावजूद इसके कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रभावशाली लोगों की मिलीभगत से ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार वाहनों को खुली छूट दी जा रही है, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में है।

प्रशासन ने कराया जाम खत्म, जल्द कार्रवाई का आश्वासन
करीब 30 मिनट तक चले इस प्रदर्शन के बाद प्रशासन के हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रित हुई। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों की मांग:
- रेल साइडिंग से वाहनों की ओवरलोडिंग पर रोक लगे।
- तेज रफ्तार वाहनों के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था हो।
- सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।










