नई दिल्ली/कोलकाता : केंद्र सरकार ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश, कलकत्ता, दिल्ली, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक के उच्च न्यायालयों में 16 न्यायाधीशों की नियुक्तियों को अधिसूचित किया. केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने नियुक्तियों को अधिसूचित करने की सूचना सोशल साइट ‘एक्स’ पर दी. मेघवाल ने बताया कि भारत के संविधान की ओर से दी गई शक्तियों के अनुरूप भारत के राष्ट्रपति ने भारत के मुख्य न्यायाधीश के परामर्श के बाद उच्च न्यायालयों में न्यायाधीशों और अतिरिक्त न्यायाधीशों की नियुक्ति की है.
आइए जानें किनकी कहां हुई है नियुक्ति
- न्यायमूर्ति हरिनाथ नुनेपल्ली, अतिरिक्त न्यायाधीश- आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त
2. न्यायमूर्ति किरणमयी मांडवा एवं किरणमयी कनपार्थी, अतिरिक्त न्यायाधीश – आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त
3. न्यायमूर्ति सुमति जगदम, अतिरिक्त न्यायाधीश – आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त
4. न्यायमूर्ति न्यापति विजय, अतिरिक्त न्यायाधीश – आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त
5. न्यायमूर्ति पार्थ सारथी सेन, अतिरिक्त न्यायाधीश – कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त
6. न्यायमूर्ति अपूर्व सिन्हा रे, अतिरिक्त न्यायाधीश – कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त
7. विमल कुमार यादव, न्यायिक अधिकारी – दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त
8. न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त न्यायाधीश – छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त
9. न्यायमूर्ति गुरुसिद्धैया बसवराज, अतिरिक्त न्यायाधीश – कर्नाटक उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त
कलकत्ता उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीशों की एक साल के लिए नियुक्ति
इसके अतिरिक्त केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय के सात अतिरिक्त न्यायाधीशों की 1 वर्ष की नई अवधि के लिए नियुक्तियों को अधिसूचित किया. केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने नियुक्तियों को अधिसूचित करने के लिए एक्स (पूर्व में ट्विटर) का सहारा लिया. अतिरिक्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति बिस्वरूप चौधरी, न्यायमूर्ति प्रसेनजीत विश्वास, न्यायमूर्ति उदय कुमार, न्यायमूर्ति अजय कुमार गुप्ता, न्यायमूर्ति सुप्रतिम भट्टाचार्य, न्यायमूर्ति पीएस चटर्जी और न्यायमूर्ति एमडी शब्बर रशीदी को 31 अगस्त, 2025 से 1 वर्ष की नई अवधि के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया है.